कोरबा : सौर सुजला योजना ने बदली किस्मतः केंदई की बधानो बिंझवार बनीं आत्मनिर्भर किसान।
Wed, Jan 7, 2026
कोरबा (न्यूज उड़ान)
ग्राम केंदई की श्रीमती बधानो बिंझवार आज ग्रामीण क्षेत्र में आत्मनिर्भरता और प्रगतिशील खेती का जीवंत उदाहरण हैं।
पहले उनकी खेती केवल सीमित सिंचाई पर निर्भर थी। बिजली उपलब्ध न होने या डीज़ल के बढ़ते खर्च के कारण वे खेतों को समय पर पानी नहीं दे पाती थीं।
इससे फसल उत्पादन कम होता था और परिवार की आर्थिक स्थिति भी प्रभावित रहती थी।
स्थिति तब बदली, जब उन्हें सौर सुजला योजना के तहत सोलर पंप का लाभ मिला। सोलर पंप लगने के बाद उनके खेतों को नियमित और निरंतर पानी मिलना शुरू हुआ। अब वे बिना किसी रुकावट के समय पर सिंचाई कर पाती हैं।
परिणामस्वरूप धान के साथ अन्य फसलों का उत्पादन भी बढ़ा। बेहतर सिंचाई से फसल की गुणवत्ता सुधरी और बाजार में उचित मूल्य मिलने लगा।
सोलर पंप ने न केवल डीज़ल खर्च को समाप्त किया, बल्कि समय और मेहनत दोनों बचाए। सिंचाई की सुविधा पक्की होने से श्रीमती बधानो बिंझवार की खेती अब मुनाफे की खेती बन चुकी है।
उनकी आय में लगातार वृद्धि हुई है और परिवार आर्थिक रूप से मजबूत हुआ है। आज वे गांव की महिलाओं और किसानों के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं, यह दिखाते हुए कि सही सुविधा और प्रयास से ग्रामीण जीवन में भी बड़ा परिवर्तन संभव है।
सौर सुजला योजना के सकारात्मक प्रभावों का यह उदाहरण बताता है कि यह योजना केवल सिंचाई उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक आत्मनिर्भरता और सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में आगे बढ़ा रही है।
जिले में इस वर्ष अब तक 210 किसानों को इस योजना का लाभ मिल चुका है, जिससे ग्रामीण कृषि में नई ऊर्जा का संचार हुआ है।
कोरबा : नीट एग्जाम 2026 सफल आयोजन हेतु जिलास्तरीय समन्वय समिति का गठन।
Wed, Jan 7, 2026
कोरबा( न्यूज उड़ान)
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी, उच्चतर शिक्षा विभाग, शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के पत्र के परिपालन में नीट एग्जाम 2026 के सफलतापूर्वक संचालन हेतु कोरबा जिले में जिला स्तरीय समन्वय समिति का गठन किया गया है।
समिति के अध्यक्ष कलेक्टर, जिला कोरबा होंगे। पुलिस अधीक्षक, जिला कोरबा तथा जिला शिक्षा अधिकारी, जिला कोरबा समिति के सदस्य रहेंगे।
जिला नोडल अधिकारी (एनटीए) एवं प्राचार्य पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय को जिला समन्वयक नियुक्त किया गया है।
जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी, जिला कोरबा को भी समिति में सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
यह समिति नीट परीक्षा 2026 के सुचारू, सुरक्षित और पारदर्शी संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देशों, व्यवस्थाओं और समन्वय को सुनिश्चित करेगी।
कोरबा : मॉर्निंग विजिट करने के साथ शहरों को स्वच्छ बनाएं: कलेक्टर।
Wed, Jan 7, 2026
सम्पत्ति कर वसूली, डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन को बढ़ाने के निर्देश।
पीएम आवास सहित अन्य लंबित निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश
कलेक्टर ने ली नगरीय निकायों के कार्यों की समीक्षा बैठक।
कोरबा( न्यूज उड़ान ) कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आज नगरीय निकाय अंतर्गत नगर पालिका कटघोरा, दीपका, बाँकी मोंगरा, नगर पंचायत पाली और छुरी में शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन तथा महत्वपूर्ण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
उन्होंने सभी निकायों को निर्देशित किया कि वे अपने क्षेत्र में मॉर्निंग विजिट बढ़ाते हुए सफाई व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रखें। महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थानों में कचरे का ढेर न लगे और निकाय की टीम नियमित सफाई सुनिश्चित करे।
उन्होंने घरों की संख्या के आधार पर घर-घर कचरा कलेक्शन बढ़ाने तथा नगर पालिक निगम और अन्य नगरीय निकायों को स्वच्छता सर्वेक्षण का प्लान तैयार करने के निर्देश दिए।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित नगरीय निकायों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर दुदावत ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) अंतर्गत स्वीकृत कार्यों और प्रगति की समीक्षा करते हुए अपूर्ण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने पीएम आवास (शहरी) अंतर्गत सभी सीएमओ को निर्देशित किया कि क्षेत्र में सर्वे कर 15 जनवरी तक यह प्रमाणपत्र प्रस्तुत करें कि कोई हितग्राही शेष नहीं है।
कलेक्टर ने सभी सीएमओ को भवनों का मूल्यांकन कराकर सम्पत्ति कर वसूली में वृद्धि लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने शहरी क्षेत्रों में पेयजल की समस्या न हो, इसके लिए परीक्षण कर मांग पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
आम नागरिकों से जुड़ी सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने तथा शिकायत मिलने पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने डीएमएफ अंतर्गत स्वीकृत कार्यों को पूर्ण करने और विलंब होने पर पेनल्टी लगाने के भी निर्देश दिए।
कलेक्टर ने स्वच्छ भारत मिशन, राजस्व वसूली, शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना, सामाजिक पेंशन के ई-केवाईसी, स्ट्रीट डॉग रहवास, वैक्सीनेशन, पीएम स्वनिधि, डीएमएफ अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की प्रगति तथा अधोसंरचना मद अंतर्गत लंबित कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी कार्यों में प्रगति लाने के निर्देश प्रदान किए।
इस दौरान अपर आयुक्त विनय मिश्रा सहित निकायों के सीएमओ और इंजीनियर उपस्थित रहे।