: कलेक्टर ने जनपद पंचायत पाली अंतर्गत पीएम आवास योजना (ग्रामीण) के कार्य प्रगति के सम्बन्ध में ली बैठक।
Mon, Apr 21, 2025
कोरबा( न्यूज उड़ान ) कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने सामुदायिक भवन पाली में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत जनपद पंचायत पाली के समस्त ग्राम पंचायत सरपंच, रोजगार सहायक, आवास मित्रों तथा समस्त अधिकारी कर्मचारी की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने आवास निर्माण कार्य में प्रगति लाने हेतु अधिकारी कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधियों को समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए साथ ही लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्यवाही करने की बात कही। बैठक में कलेक्टर ने जनपद क्षेत्र में कार्यरत आवास मित्रों के संबंध में जानकारी लेते हुए संतोषजनक कार्य नहीं करने वाले आवास मित्रों को उनके आगामी 15 दिवस की प्रगति के आधार पर पद से पृथक करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी आवास मित्र को लगभग समान संख्या में आवास आंबटित करते हुए क्लस्टर निर्माण कर 02 दिवस के भीतर सूची जारी करने की बात कही। समस्त आवास मित्रों एवं उनको आबंटित हितग्राहियों का गृह पोर्टल में मैपिंग पूर्ण कर आवास मित्र एप्लीकेशन के माध्यम से हितग्राहियों के आवास स्तर के फोटो अपलोड करने के भी निर्देश दिए। साथ ही सभी आवास मित्रों को उनके द्वारा पूर्ण कराए गए आवास के विरूद्ध मानदेय 01 सप्ताह के भीतर जारी करने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया। कलेक्टर ने ऐसे हितग्राही जिनकी मृत्यु हो चुकी है उनके उत्तराधिकारी होने की स्थिति में उत्तराधिकारी को आवास साफ्ट में नॉमिनी आंबटन की कार्यवाही 07 दिवस के भीतर पूर्ण करते हुए प्रस्ताव जिला पंचायत को प्रेषित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आवास निर्माण हेतु किसी भी स्तर के जियो टैंगिग उपरांत तत्काल किश्त की राशि जारी करने की बात कही। साथ ही ऐसे हितग्राही जिनकी किश्त की राशि दूसरे हितग्राही के खाते में चली गयी है उनका विवरण सम्पूर्ण जानकारी सहित 07 दिवस के भीतर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अपात्र हितग्राही को जारी राशि का विवरण 02 दिवस के भीतर उपलब्ध कराने
के लिए कहा। कलेक्टर ने कहा कि किसी बैंक के द्वारा हितग्राही के आवास किश्त की राशि का समावेश हितग्राहियों द्वारा लिये गये लोन की राशि में कर दिया गया है तो उन बैंकों से समन्वय स्थापित करते हुए आवास निर्माण की राशि हितग्राही को वापस लौटाने हेतु आदेशित करने तथा उक्त कृत्य भविष्य में किसी भी बैंक द्वारा नही किये जाने के संबंध में निर्देशित किया। उन्होंने ऐसे स्वीकृत आवास के हितग्राहियों की सूची जो पहुंच विहीन स्थल होने के कारण अप्रारंभ है अथवा उनका निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है। उनकी पंचायतवार सूची 07 दिवस के भीतर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिले के समस्त ग्राम पंचायत जहां जल स्तर कम होने के कारण आवास निर्माण का कार्य प्रभावित हो रहा है वहां आवश्यकतानुसार टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति कराते हुए आवास निर्माण पूर्ण करने तथा हैण्डपम्प स्वीकृत कराने हेतु प्रस्ताव उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। ऐसे आवास के हितग्राही जिन्हें प्रथम किश्त की राशि जारी की जा चुकी है उन्हें शीघ्र निर्माण समाग्री उपलब्ध कराने हेतु ग्राम पंचायत के सरपंच / आवास मित्र एवं रोजगार सहायकों को आदेशित किया
गया। ऐसे ग्राम पंचायत जहां पर मिस्त्री की कमी होने के कारण आवास निर्माण का कार्य प्रभावित हो रहा है वहां क्लस्टर आधारित राज मिस्त्री प्रशिक्षण देने हेतु इच्छुक प्रतिभागियों की सूची बनाते हुए कार्ययोजना बनाकर विवरण 07 दिवस के भीतर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बैठक में कहा कि जिन हितग्राहियों का आवास निर्माण कार्य प्लींथ / पूर्ण हो गया है उनके जियो टैगिंग में अकारण ही विलंब नही होना चाहिए। साथ ही किसी प्रकार की अनियमितता की शिकायत मिलने पर सम्बंधित के विरुद्ध दंडात्मक कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने आवास निर्माण में गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया। इस संबंध में समस्त
तकनीकी अधिकारी / कर्मचारी को निर्देश दिए गए। ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, नोडल, रोजगार सहायक , आवास मित्र को आपसी समन्वय बनाकर लक्ष्य के विरूद्ध आवास निर्माण का कार्य माह जून 2025 तक पूर्ण कराने हेतु निर्देशित किया। इस दौरान कलेक्टर ने जनपद पंचायत क्षेत्र में ग्राम पंचायत सरपंच के बैठक व्यवस्था हेतु विश्राम / सामुदायिक भवन निर्माण करने हेतु प्रस्ताव प्रेषित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत श्री दिनेश कुमार नाग, एसडीएम पाली श्रीमती सीमा पात्रे, जनपद सीईओ पाली श्री भूपेंद्र सोनवानी, अन्य विभागीय अधिकारी एवं जनपद क्षेत्र के सरपंच, रोजगार सहायक आवास मित्र सहित पीएम आवास ग्रामीण की टीम उपस्थित थे।
: कर्मचारियों को बंधक बनाकर मारपीट करने वाले पाँच आरोपी गिरफ्तार।
Mon, Apr 21, 2025
सिविल लाइन रामपुर पुलिस द्वारा एक संगीन आपराधिक मामले में तत्परता दिखाते हुए पाँच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिन्होंने अपने दो कर्मचारियों को बंधक बनाकर न केवल अमानवीय रूप से मारपीट की, बल्कि जातिसूचक गालियाँ भी दीं। पीड़ितों को करंट, प्लास और प्लास्टिक पाइप से प्रताड़ित किया गया था। यह घटना कोरबा के खपराभट्ठा, कांशीनगर क्षेत्र में घटित हुई थी। घटना का विवरण:प्रार्थी अभिषेक भांबी (उम्र 19 वर्ष, निवासी: कानिया, गुलाबपुरा, राजस्थान) द्वारा थाना गुलाबपुर (राजस्थान) में दी गई शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज किया गया। चूंकि घटना स्थल कोरबा (छत्तीसगढ़) का था, अतः मामला थाना सिविल लाइन कोरबा को स्थानांतरित कर विवेचना में लिया गया। वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नीतिश ठाकुर एवं नगर पुलिस अधीक्षक कोरबा भूषण एक्का के निर्देशन में थाना प्रभारी प्रमोद डनसेना एवं सायबर सेल कोरबा के द्वारा टीम गठित कर आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की कार्यवाही की गई।गिरफ्तार आरोपी:1. छोटू लाल गुर्जर (उम्र 32 वर्ष) – निवासी: खपराभट्ठा, स्थायी पता: भेरुखेड़ा, शंभुगढ़, जिला भीलवाड़ा2. मुकेश शर्मा (उम्र 31 वर्ष) – निवासी: तेजिया खेड़ी, थाना रायपुर, जिला भीलवाड़ा3. देवीलाल (उम्र 24 वर्ष) – निवासी: आदर्श नगर, कुसमुंडा, जिला कोरबा4. मुकेश गुर्जर उर्फ कालू (उम्र 21 वर्ष) – निवासी: खपराभट्ठा, स्थायी पता: मोटरास माताजी खेड़, थाना बदनोर, जिला भीलवाड़ा5. एक अपचारी बालक – निवासी: कानिया, थाना गुलाबपुर, जिला भीलवाड़ा*फरार आरोपी:-*केशु केसरी, सोहन*प्रमुख घटनाक्रम:*दिनांक 13 अप्रैल 2025 को आरोपी छोटू लाल को अपने दो कर्मचारियों – विनोद और अभिषेक भांबी पर पैसे चोरी करने का संदेह हुआ। इसके बाद, दिनांक 14 अप्रैल की रात को आरोपियों ने दोनों को कमरे में बंद कर गालियाँ दीं, करंट लगाया, प्लास्टिक पाइप एवं अन्य साधनों से गंभीर मारपीट की। जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए धमकी दी गई एवं पैसे ऐंठे गए।पुलिस ने आरोपियों के पास से मारपीट में प्रयुक्त सामान – प्लास, प्लास्टिक पाइप, बैटरी एवं वायर – जब्त किया है। इसके साथ ही नकद ₹20,000 भी बरामद किए गए।*विधिक कार्यवाही:*आरोपियों के विरुद्ध थाना सिविल लाइन, कोरबा में अपराध क्रमांक 213/2025 धारा 127(2), 115(2), 308(2) बीएनएस, 3(2), 3(6) एससी/एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 191(2), 351(2) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जबकि अपचारी बालक को किशोर न्याय बोर्ड में प्रस्तुत किया गया।कोरबा पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु निरंतर प्रयास जारी हैं एवं अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।उपरोक्त कार्यवाही में थाना सिविल लाइन प्रभारी निरीक्षक प्रमोद डनसेना, सउनि दुर्गेश राठौर, आरक्षक संदीप भगत, जितेन सोनी, योगेश राजपूत, शेख सहेबान, साइबर सेल कोरबा की टीम से उप निरीक्षक अजय सोनवानी, प्र.आर. गुना राम सिन्हा, एवं आलोक टोप्पो की मुख्य भूमिका रही।
: कोरबा सांसद प्रतिनिधि बने सुनील जैन।
Mon, Apr 21, 2025
कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत ने ऊर्जा विभाग से संबंधित जनहित के मामलों के लिए सुनील जैन को अपना सांसद प्रतिनिधि नियुक्त किया है।यह नियुक्ति उनकी अनुपस्थिति में जन सरोकारों से जुड़े विषयों के समाधान और समन्वय के उद्देश्य से की गई है।सांसद महंत ने दिनांक 17 अप्रैल 2025 को जारी पत्र में उल्लेख किया है कि सुनील जैन, पिता जसराज जैन, निवासी पुराना बस स्टैंड, कोरबा को उनके स्थान पर नियुक्त किया जा रहा है ताकि वे ऊर्जा विभाग से जुड़े मामलों में जनता की समस्याओं और मांगों को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचा सकें।इस संबंध में सीएसपीजीसीएल, डीएसपीएम, अडानी पावर लिमिटेड, बालको कैप्टिव पावर प्लांट, सीएसपीडीसीएल तुलसी नगर तथा पावर ग्रिड भैसमा के प्रमुख अधिकारियों को प्रतिलिपि भेजी गई है।निर्देश दिए गए हैं कि वे जनहित से जुड़ी शिकायतों और मामलों में श्री सुनील जैन से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्यवाही करें।श्रीमती महंत फिलहाल संसदीय स्थायी समिति (कोयला, खान और इस्पात) तथा महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की परामर्शदात्री समिति की सदस्य भी हैं और जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।यह नियुक्ति ऐसे समय में आई है जब कोरबा क्षेत्र में ऊर्जा परियोजनाओं और बिजली आपूर्ति से जुड़ी कई जन समस्याएं चर्चा में हैं। अब सांसद प्रतिनिधि के रूप में सुनील जैन इन मामलों को नजदीकी स्तर पर देखेंगे और लोगों की बात सरकार और संबंधित विभागों तक पहुंचाएंगे।