: रिसदा चौक से लालघाट चेक पोस्ट निर्माण कार्य के दौरान सड़क मार्ग रहेगा अवरूद्ध।
Sun, Jul 20, 2025
भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) द्वारा रिसदा चौक से लालघाट चेक पोस्ट तक ड्रेनेज सुधार कार्य के दौरान 21 जुलाई से 24 जुलाई तक सड़क मार्ग अवरूद्ध रहेगा।कार्यस्थल पर किसी भी अप्रिय घटना से बचाव हेतु पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए ड्रेनेज कार्य के चलते मार्ग अस्थायी रूप से बाधित होगा। जिला परिवहन, कोरबा की अनुमति अनुसार मार्ग पर चलने वाले छोटे-बड़े वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है। बालको प्रबंधन ने आश्वस्त किया है कि सभी शर्तों का पालन करते हुए ड्रेनेज सुधार कार्य समयबद्ध एवं सुरक्षित रूप से पूरा किया जाएगा तथा कार्य उपरांत मार्ग का तत्काल पुनर्निर्माण किया जाएगा।बालको हमेशा क्षेत्रीय विकास, अधोसंरचना सुधार और जनसुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए कार्य करता रहा है।नागरिकों से अनुरोध है कि कार्य अवधि के दौरान असुविधा से बचने हेतु वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
: न टूटेगा किसी का मकान, न दुकान, उद्योग मंत्री ने आयुक्त को दिए निर्देश।
Sun, Jul 20, 2025
कोरबा( न्यूज उड़ान ) उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने कोरबा शहर में निगम द्वारा किसी प्रकार की अतिक्रमण तोड़ने की कार्रवाई न करने के निर्देश नगर निगम आयुक्त को दिए गए। उद्योग मंत्री स्वयं महापौर और निगम के अधिकारियों के साथ शहर के मुख्य मार्गो का भ्रमण कर व्यापारियों से मुलाकात करेंगे, तब तक के लिए किसी प्रकार की कार्रवाई न करने कहा गया है। शनिवार को उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन के कोहड़िया, कोरबा स्थित कार्यालय में महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत की उपस्थिति में जिला चैंबर ऑफ़ कॉमर्स के अध्यक्ष योगेश जैन, अन्य पदाधिकारी गण के साथ शहर के व्यापारियों ने मुलाकात की। इस दौरान व्यापारियों ने विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। मंत्री लखन लाल देवांगन ने नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडे से फोन पर चर्चा की। मंत्री श्री देवांगन ने कहा की शहर के विकास में व्यापारी गणों का शुरू से ही बहुत बड़ा योगदान रहा है। व्यापारी प्रतिष्ठानों को बगैर किसी तरह की समस्या हुए शहर का विकास कराया जाए।शहर के व्यापारी खुद शहर के विकास के लिए जिला प्रशासन और नगर निगम के सहयोग के लिए खड़े हैं।मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि वे खुद महापौर और निगम के अधिकारियों के साथ शहर के सभी मुख्य मार्गो के व्यावसायिक कम्प्लेक्सो का अवलोकन करेंगे।
तब तक के लिए किसी तरह की कार्रवाई नहीं की जाए। मंत्री श्री देवांगन ने बताया कि माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के सुशासन की सरकार हर वर्ग के साथ उनके विकास के लिए तत्परता से खड़ी है। कोरबा शहर का हर व्यापारी बंधु और आम नागरिक मेरे परिवार का हिस्सा है, मैं उनके हर सुख दुख में उनके साथ हमेशा खड़ा रहूंगा।
: कौशल तिहार 2025 का आयोजन लाईवलीहुड कॉलेज कोरबा में 21 जुलाई को।
Fri, Jul 18, 2025
कोरबा( न्यूज उड़ान )
“कौशल तिहार 2025“ जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन दिनांक 21 जुलाई 2025 को लाईवलीहुड कॉलेज कोरबा मे ईलेक्ट्रिकल इन्स्टालेशन, हैल्थ एवं सोशल केयर तथा फील्ड टेकनीशियन ईलेक्ट्रानिक्स कोर्स मे किया जाना है। मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना एवं प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के प्रशिक्षित हितग्राही जो वित्तीय वर्ष 2023-24, 2024-25 अथवा 2025-26 मे उक्त ट्रेड मे प्रशिक्षित हुये हैं अथवा प्रशिक्षणरत हैं तथा 22 वर्ष से 45 वर्ष की आयु समूह के हैं उक्त तिहार मे भाग ले सकते हैं । प्रत्येक ट्रेड से चयनित 02 विजेता राज्य स्तर की प्रतियोगिता मे भाग लेंगे । “कौशल तिहार 2025“ का आयोजन मुख्यतः कौशल प्रतियोगिता के माध्यम से कौशल प्रशिक्षित एवं प्रशिक्षणरत युवाओं को प्रोत्साहित करने एवं उनके कौशल के प्रदर्शन पर केन्द्रित है।कौशल उत्सव का उद्देश्य युवाओं में कौशल के प्रति जागरूकता लाना एवं विजेताओं को इंडिया स्किल्स 2025 के क्षेत्रीय एवं राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना, जो संभवतः वर्ल्ड स्किल्स 2026 में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे । जिला स्तरीय कौशल तिहार मे भाग लेने हेतु छत्तीसगढ़ राज्य कौशल विकास प्राधिकरण की वेबसाईट https://cssda.cg.nic.in के कौशल तिहार कालम के क्लिक कर कौशल प्रतियोगिता हेतु ऑनलाइन पंजीयन कर सकते हैं।केवल पंजीयन किए गए प्रतिभागी ही जिला स्तरीय कौशल तिहार मे भाग लेने हेतु पात्र होगे ।