: आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय की अध्यक्षता में समय सीमा की बैठक हुई आयोजित।
Wed, Jul 9, 2025
कोरबा( न्यूज उड़ान )
कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देशन में आयुक्त नगर निगम कोरबा श्री आशुतोष पाण्डेय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय सीमा की बैठक आयोजित हुई। उन्होंने विभागवार कार्यों की समीक्षा करते हुए लंबित कार्यो को शीघ्रता से निराकृत करने के निर्देश दिए। आयुक्त श्री पाण्डेय ने लगातार हो रही बरसात को ध्यान में रखते हुए सभी लाइन डिपार्टमेंट के अधिकारियों को मुस्तैद रहने व सतर्कता से कार्य करने कहा। साथ ही कृषि, राजस्व, नगर निगम , पंचायत, विद्युत सहित अन्य विभागों को बारिश से होने वाली क्षति का समय पर आकलन कर पीड़ितों को राहत पहुँचाने हेतु निर्देशित किया। बैठक में श्री पाण्डेय ने शासकीय योजनाओं एवं विभागीय कार्यो की अद्यतन प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने शासन की योजनाओं का आमजनों को प्राथमिकता से लाभ पहुँचाने हेतु निर्देशित किया। इस हेतु जमीनी स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन पर गम्भीरता से ध्यान देने की बात कही। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों में अनावश्यक बिजली कटौती की समस्याओं को गम्भीरता से दूर करने के लिए कहा इस हेतु विभाग के निचले अमले लाईनमैन की फील्ड पर उपस्थिति सुनिश्चित करने व उन्हें सक्रियता से कार्य करने की हिदायत दी। साथ ही जिले के दूरस्थ क्षेत्रो के विद्युतविहीन बसाहटों, मजरा टोलों में विद्युत कनेक्शन पहुँचाने हेतु किए जा रहे सर्वे कार्य को भी यथाशीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी एसडीएम को अपने अनुविभाग अंतर्गत योजनाओं के क्रियान्वयन में पिछड़े विभागों से समन्वय कर कार्य मे प्रगति लाने की बात कही साथ ही उन्हें अपने क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, संस्कृति, पिछड़ा वर्ग की भलाई सहित अन्य जनहित कार्यों में व्यक्तिगत रुचि लेकर विशेष कार्य करने के लिए कहा। सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के मरीज वार्ड में एसी लगाने के कार्य मे भी प्रगति लाने के लिए कहा।आयुष्मान कार्ड निर्माण प्रगति की जानकारी लेते हुए शत प्रतिशत पात्र लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाने की बात कही।प्राकृतिक आपदा आरबीसी 6-4, सड़क दुर्घटना में मृतक के परिजनों को मुआवजा राशि के प्रकरणों को भी जल्दी से निराकृत करने के लिए कहा।नक्शा सुधार के कार्य व कोटवारी जमीन को वापस राजस्व भूमि में दर्ज करने की कार्यवाही को शीघ्रता से पूरा करने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने विभिन्न विभागों में समय सीमा के लंबित प्रकरणों के निराकरण हेतु अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।साथ ही पीजीएन , मुख्यमंत्री जनदर्शन, मानव अधिकार आयोग, कमिश्नर कार्यालय सहित अन्य जनशिकायत पोर्टलो में लंबित आवेदनों को भी शीघ्रता से परीक्षण कर निराकरण करने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया। इस अवसर पर सहायक कलेक्टर श्री क्षितिज गुरभेले, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री दिनेश कुमार नाग अपर कलेक्टर श्री मनोज बंजारे सहित सभी एसडीएम, जनपद सीईओ एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
: मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल में बच्चे को मिली नई जिंदगी, मरीजों का हो रहा सफल उपचार।
Wed, Jul 9, 2025
कोरबा (न्यूज उड़ान )जिले के मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल में नीरज पिता अजय कुमार उम्र 6 वर्ष निवासी ग्राम जलके जिला कोरबा को अति गंभीर हालत में एक प्राइवेट हॉस्पिटल NKH से 19 जून की शाम को जिला अस्पताल कोरबा में इमरजेंसी विभाग में लाया गया। बच्चा उस वक्त कोमा में था,धड़कन व नब्ज़ कमज़ोर थी, साँस की तकलीफ थी,बच्चे के फेफड़े में इंडोट्रैकियल ट्यूब लगी हुई थी, उसे अंबू बैग के द्वारा साँस देते हुए लाया गया था तथा धड़कन को बनाए रखने वाली आयनोट्रॉप जैसी दवाइयां पहले से चल रही थी। किडनी भी कमजोर हो चुकी थी,पेशाब में थोड़ा खून भी आने लगा था। जिला अस्पताल पहुंचते ही मरीज को पीडियाट्रिक विभाग के डॉक्टर्स की टीम द्वारा इमरजेंसी वार्ड में ही तुरंत इलाज शुरू किया गया और वेंटिलेटर के सहारे रखा गया। बच्चे के पिता ने बताया कि तीन-चार दिन के तेज बुखार और उल्टी की समस्या के बाद अचानक से बच्चा सुस्त पड़ गया था और बिस्तर से उठ ही नहीं पा रहा था । प्राइवेट हॉस्पिटल में दो दिन भर्ती रहा फिर पैसे के अभाव में मजबूरी में इलाज हेतु शासकीय मेडिकल कॉलेज संबद्ध जिला अस्पताल लाया गया। बच्चे के बीमारी के लक्षण जटिल वायरल इंसेफलाइटिस की तरह थे,यहाँ बच्चा 3 दिन तक वेंटिलेटर पर रहा फिर थोड़ी स्थिति में सुधार हुआ तो वेंटिलेटर से बाहर निकालने का प्रयास किया गया जो सफल रहा। वेंटिलेटर में रहने के दौरान बीच-बीच में बच्चे को खून की उल्टियां भी हो रही थी व दिल की धड़कन भी बहुत कमजोर हो गई थी। दिमाग में सूजन व आंतरिक दबाव बढ़ने के कारण बच्चा का शरीर सुन्न था और उसे झटके भी आ रहे थे। जाँच में पता चला कि रक्त में सोडियम की मात्रा भी बहुत बढ़ गई थी। इलाज के दौरान जाँच में बच्चे को सिकल सेल एनीमिया , हेपेटाइटिस और किडनी फेल्यर की बीमारी भी पता चली, उसका भी साथ-साथ इलाज किया गया। धीरे-धीरे जिला अस्पताल में इलाज के चलते बच्चे की स्थिति में सुधार हुआ।फिर वेंटिलेटर से निकलने के बाद अगले 6 दिन बच्चा नेज़ल ऑक्सीजन के सहारे साँस लेता रहा। धीरे-धीरे स्थिति में आगे सुधार होने पर फीडिंग ट्यूब के द्वारा पानी पिलाना और तरल भोजन शुरू किया गया। ऑक्सीजन से निकलने के बाद भी बच्चे के शरीर में कमजोरी बनी हुई थी और बच्चा बोल नहीं पा रहा था । फिजियोथेरेपी से भी लाभ मिला। अब बच्चा कुल 20 दिन के इलाज के बाद खुद से बैठना और बात करने लगा है। भर्ती के वक्त रोते-बिलखते हुए जिन माँ-बाप के चेहरे को हमने देखा था आज उनके चेहरे पर फिर से खुशनुमा मुस्कान लौट आई है।मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर ने बताया की ये मुस्कान ही हम डॉक्टर्स के लिए अपनी सेवा व साधना में सतत् तत्पर रहने के लिए प्रेरणा स्रोत है। इस उपलब्धि का सारा श्रेय जाता है शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय संबद्ध जिला अस्पताल कोरबा के शिशु रोग विभाग के अनुभवी और मेहनती डॉक्टर्स की टीम को विभागाध्यक्ष डॉ.राकेश वर्मा के नेतृत्व में वरिष्ठ शिशु रोग चिकित्सकों की टीम डॉ.धर्मवीर सिंह, डॉ.आशीष सोनी, डॉ.अनन्या, डॉ.स्मिता, डॉ.हेमा सभी बधाई के पात्र हैं।
: सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी हेतु आवेदन 06 अगस्त आमंत्रित।
Wed, Jul 9, 2025
कोरबा( न्यूज उड़ान )
छत्तीसगढ़ राज्य लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी जिला-रायपुर में कराने हेतु निजी कोचिंग संस्थाओं के माध्यम से जिला-कोरबा के पात्र अभ्यर्थियों को निः शुल्क आवासीय प्रशिक्षण, भोजन एवं शिक्षण उपलब्ध कराने के लिए आवेदन पत्र आमंत्रित किया गया है।जिसकी अंतिम तिथि 06 अगस्त 2025, समय-सांय 3.30 बजे तक है। आवेदन पत्र आवश्यक दस्तावेज के साथ सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास कोरबा, जिला-कोरबा (छ.ग.) के नाम से कार्यालय सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास कोरबा आई.टी.आई. रामपुर, कलेक्टोरेट परिसर बिल्डिंग- प्रथम तल कोरबा, जिला-कोरबा (छ.ग.) पिन कोड 495677 में जमा किया जायेगा। आवेदक को कोरबा जिला का मूल निवासी होना अनिवार्य है। आवेदक या आवेदक के माता-पिता/अभिभावक की समस्त स्त्रोतो से आय 5.00 लाख है।आवेदक को मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय/कॉलेज से स्नातक परीक्षा उत्तीर्ण किया होना अनिवार्य है। छत्तीसगढ़ राज्य लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी ऑफलाईन अथवा ऑनलाईन के माध्यम से चयनित संस्था द्वारा जिला प्रशासन एवं एनटीपीसी के निर्देशानुसार ही किया जायेगा।कुल 100 सीट निर्धारित है। जिसमें कोरबा जिला के रोस्टर अनुसार चयन किया जायेगा। आवेदन पत्र एवं विज्ञापन से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए कार्यालय सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कोरबा से संपर्क एवं जिला-कोरबा के वेबसाइट _ूूणवतइंण्हवअण्पद_ से डाउनलोड कर अवलोकन किया जा सकता है।