: सरईसिंगार चौक स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर में चोरी।
Thu, Jul 3, 2025
कोरबा( न्यूज उड़ान )मामले का संक्षिप्त विवरण:
दिनांक 01.07.2025 को, श्री संजय राठौर (पिता: हीरालाल राठौर, उम्र: 50 वर्ष), निवासी ग्राम सरईसिंगार, थाना हरदीबाजार, जिला कोरबा ने थाने में आकर शिकायत दर्ज कराई कि 25.06.2025 की रात लगभग 8:30 बजे, ग्राम सरईसिंगार के चौक स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद मंदिर के गेट पर ताला लगाकर वे घर चले गए थे।26.06.2025 की सुबह जब वे मंदिर का ताला खोलने पहुंचे, तो मंदिर का मुख्य गेट (शटर) का ताला टूटा हुआ था। अंदर जांच करने पर पता चला कि दानपेटी का ताला भी तोड़ दिया गया था।और उसमें रखे लगभग 4000-5000 रुपये नकदी गायब थे। साथ ही, मंदिर में रखा एक पीतल का दीपक भी चोरी हो गया था।प्रार्थी की शिकायत पर अपराध क्रमांक 117/2025, धारा 331(4), 305(घ) भा.न.सं. के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की सूचना पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी (भा.पु.से.), को दी गई।वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में आरोपी की त्वरित गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की गई।जांच के दौरान, मुखबीर सूचना के आधार पर आरोपी हरप्रसाद भट्ट पर संदेह जताया गया।उसके निवास पर छापेमारी कर उसे हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने सरईसिंगार चौक स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर में चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपी के मेमोरेंडम पर हस्ताक्षर के बाद चोरी किया गया सामान बरामद किया गया।आरोपी को 01.07.2025 को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।*आरोपी का नाम व पता:*
हरप्रसाद भट्ट, पिता: टिकैत भट्ट, उम्र: 22 वर्ष, निवासी: ग्राम सरईसिंगार, थाना हरदीबाजार, जिला कोरबा (छत्तीसगढ़)
: कलेक्टर ने एतमानगर के निर्माणाधीन जल शोधन संयंत्र का किया औचक निरीक्षण।
Thu, Jul 3, 2025
कोरबा / कलेक्टर अजीत वसंत ने आज पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के एतमानगर में निर्माणाधीन जल शोधन संयंत्र का औचक निरीक्षण किया।उन्होंने परियोजना की वर्तमान प्रगति, निर्माण की समय-सीमा, कार्य में आ रही बाधा एवं समाधान संबंधी उपायों की विस्तृत जानकारी ली। इस अवसर पर सहायक कलेक्टर श्री क्षितिज गुरभेले, एसडीएम पोड़ी उपरोड़ा श्री टी आर भारद्वाज, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, जल संसाधन विभाग के अधिकारी सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर ने मल्टीविलेज स्कीम परियोजना अंतर्गत निर्माण किए जा रहे 285 लाख लीटर प्रतिदिन क्षमता वाले इस संयंत्र का निर्माण कार्य पूर्ण होने की अनुमानित समय सीमा की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण हो एवं निर्माण कार्य में गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने निर्माण कार्य मे आने वाली तकनीकी या अन्य समस्या के सम्बंध में अविलम्ब जानकारी देने की बात कही। जिससे समय रहते समस्या का निराकरण सुनिश्चित किया जा सके।कलेक्टर ने कहा कि यह परियोजना जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ी पहल है, जिससे जनस्वास्थ्य और जीवन स्तर में सुधार आएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आपसी समन्वय और समयबद्ध प्रयासों से यह कार्य शीघ्र पूर्ण किया जाए। गौरतलब है की एतमानगर समूह जल प्रदाय योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन इस संयंत्र की जल शुद्धिकरण क्षमता 285 लाख लीटर प्रतिदिन है। लगभग 385 करोड़ की लागत से तैयार की जा रही इस परियोजना के माध्यम से 03 विकासखंडों के 245 गांवों में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।योजना के तहत बागों बांध से जल लाकर शोधन केंद्र में शुद्ध कर 742 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन के जरिये 3 विकासखंडों के 245 गांवों में पेयजल आपूर्ति की जाएगी।योजना के अंतर्गत 8 एमबीआर जल टंकियों का निर्माण किया जा रहा है, जिससे 72,619 घरों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।
: विद्यार्थियों की बढ़ेगी पहचान, नियमित शिक्षक से पढ़ाई हुई आसान।
Thu, Jul 3, 2025
कोरबा( न्यूज उड़ान) इस गाँव में शिक्षा की मशाल जल चुकी है...स्कूल खोलकर यहाँ के विद्यार्थियों को शिक्षा से न सिर्फ जोड़ा जा चुका है..अब वर्षों से शिक्षकविहीन इस विद्यालय में नियमित शिक्षक की नियुक्ति से विद्यार्थियों के साथ गाँव के लोगों में खुशियों का वातावरण है।शिक्षकविहीन की श्रेणी में आने वाले इस विद्यालय में राज्य शासन के फैसलों के बाद अतिशेष शिक्षको के युक्ति युक्तकरण की अपनाई गई प्रक्रिया ने यहाँ ज्ञान की नई रोशनी और उम्मीदों का दीया जला दिया है।कोरबा ब्लॉक के सुदूरवर्ती ग्राम सांचरबहार ग्राम पंचायत नकिया का आश्रित ग्राम है।इस विद्यालय में वर्षों से नियमित शिक्षक पदस्थ नहीं था। स्कूल खुलने के साथ ही गाँव के लोगों की आस थी कि उनके बच्चे भी सही ढंग से पढ़ाई कर पाएंगे, दुर्भाग्यवश उनकी आस अधूरी ही थी, क्योंकि नियमित शिक्षक नहीं होने का खामियाजा विद्यार्थियों को भुगतना पड़ता था।गाँव में रहने वाली वृद्धा मैसो बाई खुश है कि स्कूल को नियमित शिक्षक मिल गया है अब उनका नाती-नतिनी ठीक से पढ़ाई कर पाएंगे। उन्होंने बताया कि रिया और आशीष विद्यालय जाते हैं। गाँव की महिला राजकुमारी बाई ने बताया कि उनका बेटा प्रमेन्द्र स्कूल जाता है। पहले आसपास के विद्यालयों से किसी शिक्षक को स्कूल भेजकर काम चलाया जाता था।अब नियमित शिक्षक आ जाने से हम सभी खुश है कि हमारे गाँव के स्कूल और बच्चों की नई पहचान बनेगी और उनकी पढ़ाई भी आसान होगी।युक्ति युक्तकरण से इस विद्यालय में नियुक्त सहायक शिक्षक श्री शेखरजीत टंडन ने बताया कि विद्यालय शहर से बहुत दूर है और अभी नई नियुक्ति के साथ ही लेमरू में ठहरने की व्यवस्था कर वहाँ से नियमित विद्यालय आते हैं। उन्होंने बताया कि बारिश में आवागमन थोड़ा चुनौती है, आने वाले समय में रास्ता पक्का हो जाने के साथ ही समस्या दूर हो जाएगी।उन्होंने बताया कि युक्ति युक्तकरण के काउंसिलिंग प्रक्रिया में उन्होंने इस विद्यालय का चयन किया है। विद्यालय में अभी 11 बच्चे दर्ज है और उन्हें खुशी है कि सुदूरवर्ती गाँव सांचरबहार के विद्यार्थियों का भविष्य गढ़ने का उन्हें अवसर मिला। उन्होंने बताया कि इससे पहले दूरस्थ क्षेत्र श्यांग के स्कूल में भी पदस्थ रहकर अध्यापन कर चुके हैं, अब सांचरबहार के शासकीय प्राथमिक शाला में नियुक्त है।