: राजनीतिक दल के पदाधिकारियों को कराया गया नाम-निर्देशन कक्ष का अवलोकन
Sat, Oct 21, 2023
कोरबा भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशानुसार विधानसभा निर्वाचन 2023 हेतु जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सौरभ कुमार और रिटर्निंग अधिकारियों की उपस्थिति में कोरबा जिले के चारो विधानसभा के लिए निर्धारित नाम-निर्देशन कक्ष का अवलोकन राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को कराया गया। कोरबा जिले में विधानसभा निर्वाचन 2023 के लिए नाम-निर्देशन की प्रक्रिया 21 अक्टूबर से प्रारंभ हो रही है। इसी कड़ी में राजनीतिक दल के पदाधिकारियों को उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुश्री सीमा पात्रे द्वारा कलेक्ट्रेट में भू-तल एवं प्रथम तल में निर्धारित नाम-निर्देशन कक्ष तैयार किया गया है। नाम-निर्देशन हेतु अपर कलेक्टर श्री प्रदीप कुमार साहू को विधानसभा क्रमांक 20-रामपुर कक्ष क्रमांक 05 भू-तल के लिए रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसी तरह विधानसभा क्रमांक-21 कोरबा हेतु कक्ष क्रमांक 13 भू-तल में अनुविभागीय अधिकारी कोरबा श्री श्रीकांत वर्मा को रिटर्निंग अधिकारी, विधानसभा क्रमांक 22-कटघोरा हेतु अनुविभागीय अधिकारी कटघोरा सुश्री रिचा सिंह कक्ष क्रमांक 37 प्रथम तल में रिटर्निंग अधिकारी तथा विधानसभा क्रमांक 23- पाली-तानाखार हेतु कक्ष क्रमांक 23 भू-तल में अनुविभागीय अधिकारी पोड़ी-उपरोड़ा श्री हरिशंकर पैंकरा को रिटर्निंग अधिकारी अधिसूचित किया गया है। राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों को विधानसभा निर्वाचन 2023 के लिए नामांकन हेतु निर्धारित कक्ष का अवलोकन कराया गया।
: डोंगदरहा, अंजोरीपाली एवं भैंसमा के मतदाताओं ने शत प्रतिशत मतदान करने का लिया संकल्प
Sat, Oct 21, 2023
कोरबा कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कोरबा तथा जिला स्वीप नोडल अधिकारी श्री विश्वदीप के निर्देशन में ग्राम भैंसमा, डोंगदरहा व अंजोरीपाली में स्वीप अंतर्गत मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसके अंतर्गत ग्रामीणों को लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपना विशिष्ट योगदान देने हेतु शत्-प्रतिशत मतदान करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। ग्रामीणों को स्वीप दल द्वारा मतदाता जागरूकता स्लोगन- ‘हम निष्पक्ष होकर शत प्रतिशत मतदान करेंगे’ की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में गांव के बुजुर्ग, पुरुष, महिला सहित युवा मतदाता एवं नवविवाहिताओं ने कार्यक्रम में उत्साह पूर्वक भाग लिया। उन्होंने आगामी विधानसभा निर्वाचन में बिना किसी व्यक्तिगत लाभ, भय, बहकावे, लोभ-प्रलोभन के निःस्वार्थ होकर निष्पक्ष वोट डालने का संकल्प लिया। इस दौरान उपस्थित मतदाताओं को स्कूली बच्चों द्वारा नुक्कड़ नाटक के जरिए मतदान में बिना भय, लालच व प्रलोभन के मतदान महापर्व को त्यौहार के रूप में मानने हेतु प्रेरित किया गया। साथ ही जागरूकता टीम द्वारा ग्रामीणों को दिव्यांग मतदाता व 80 वर्ष से ऊपर आयु के बुजुर्ग मतदाताओं को मतदान के दौरान दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
: कलेक्टोरेट में प्रवेश के लिए रूट निर्धारित, नामांकन हेतु कक्ष तैयार
Sat, Oct 21, 2023
कोरबा विधानसभा निर्वाचन 2023 अंतर्गत कोरबा जिले के चारों विधानसभाओं के लिए नामांकन की प्रक्रिया 21 अक्टूबर से प्रारंभ हो जाएगी। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सौरभ कुमार के निर्देशन में अधिकारियों की टीम आवश्यक व्यवस्था हेतु लगाई गई है। चूंकि कलेक्टोरेट में ही नामांकन की प्रक्रिया होगी इसलिए यहां अलग-अलग विधानसभाओं के नाम-निर्देशन के लिए कक्ष निर्धारित करने के साथ ही नामांकन के लिए आने वाले प्रत्याशियों और अधिकारियों-कर्मचारियों के प्रवेश हेतु रूट तय किया गया है।
कलेक्टोरेट में विधानसभा क्रमांक 20-रामपुर में नामांकन हेतु कक्ष क्रमांक 05 भू-तल, विधानसभा क्रमांक-21 कोरबा हेतु कक्ष क्रमांक 13 भू-तल, विधानसभा क्रमांक 22-कटघोरा हेतु कक्ष क्रमांक 37 प्रथम तल, विधानसभा क्रमांक 23- पाली-तानाखार हेतु कक्ष क्रमांक 23 भू-तल को निर्धारित किया गया है। अभ्यर्थियों को परेशानी का सामना न करना पड़े इसके लिए परिसर में संकेतक बोर्ड भी लगाए गए हैं। पाली तानाखार विधानसभा क्षेत्र के लिए नामांकन हेतु प्रवेश की व्यवस्था कलेक्टर कार्यालय के पीछे कॉफी हाउस के पास प्रवेश द्वारा से की गई है। नाम निर्देशन के समय रिटर्निंग कार्यालय के 100 मीटर की परिधि में केवल तीन वाहनों को अनुमति होगी एवं अभ्यर्थी समेत केवल 5 व्यक्ति को आने की अनुमति मिलेगी। सर्वप्रथम अभ्यर्थी नाम निर्देशन की निक्षेप राशि जमा कर रसीद प्राप्त करेगा। अनुसूचित जाति, जनजाति वर्ग के अभ्यर्थी अगर निक्षेप राशि में छूट चाहते है तो उन्हें सक्षम अधिकारी द्वारा छत्तीसगढ का जाति प्रमाण-पत्र की छायाप्रति प्रस्तुत करनी होगी।
*अधिकारी-कर्मचारियों और मीडिया के लिए प्रवेश द्वार :-*
कलेक्टोरेट में कार्यरत् अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रवेश के लिए अपना परिचय पत्र रखना होगा। अधिकारी-कर्मचारी के लिए प्रवेश हेतु कलेक्टर कार्यालय के पीछे के द्वार को निर्धारित किया गया है। वे कैंटीन के पास से प्रवेश करेंगे। इसी तरह मीडिया के लिए जिला पंचायत के सामने छायादार बैठक व्यवस्था की गई है। मीडिया कर्मी अपना परिचय पत्र दिखाकर जिला पंचायत के मुख्य द्वार से प्रवेश करेंगे और निर्धारित स्थान पर रहकर कव्हरेज सुनिश्चित करेंगे। नाम-निर्देशन पत्र की बिक्री तथा नामांकन जमा किए जाने के संबंध में जानकारी प्रतिदिन जनसंपर्क विभाग के माध्यम से फोटो-वीडियो के साथ उपलब्ध कराई जाएगी।