: जिले में मनाया गया राष्ट्रीय सुरक्षित मातृत्व दिवस।
Tue, Apr 16, 2024
कोरबा( न्यूज उड़ान ) मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.एस.एन.केशरी के उपस्थिति में राष्ट्रीय सुरक्षित मातृत्व दिवस मनाया गया। इस अवसर पर कोरबा जिले के सभी विकासखण्डों से मास्टर ट्रेनर्स मितानिन एस.एच.जी.मेम्बर्स सरपंच एवं पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित थे। कार्यक्रम में सेंटर फार कैटेलाईजिंग चेंज (सी-3) इंडिया के स्टेट हेड श्री दिलीप सरवटे द्वारा सुरक्षित मातृत्व दिवस के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होने बताया कि सुरक्षित मातृत्व दिवस मनाने का उद्देश्य सम्मान जनक मातृत्व देखभाल के दौरान मौखिक और शारीरिक दुर्वव्हार और भेदभाव से सुरक्षा शामिल है।
उन्होंने कहा कि मातृ स्वास्थ्य अधिकारों के बारे में जागरूकता बढ़ाकर इसे बेहतर बनाया जा सकता है। बालिकाओं की गर्भावस्था में मृत्यु को कम करने एवं गरिमामय मातृत्व स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत व गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग और सेंटर फार कैटेलाईजिंग चेंज (सी-3) द्वारा सुरक्षित मातृत्व दिवस मनाया जा रहा है। इस दौरान शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में प्रसूती विभागाध्यक्ष डॉ. आदित्य सिसोदिया ने महिला केंद्रित गरिमामय स्वास्थ्य देखभाल पर जानकारी देते हुए दुर्व्यवहार की श्रेणियों पर विस्तार से प्रकाश डाला एवं इसे कम करने के लिए व्यवहार में बदलाव की आवश्यकता पर जोर दिया। सीएमएचओ ने स्वास्थ्य देखभाल के संबंध में बताया कि किसी भी गर्भवती महिला के पंजीयन से लेकर नियमित प्रसवपूर्व जॉंच और प्रसव के बाद तक की पूरी प्रक्रिया को फॉलो करना ही मातृत्व की सुरक्षा है। उन्होंने कहा कि एच.आर.पी. की पहचान, सोनोग्राफी की उपलब्धता, एएनसी जॉंच हेतु केन्द्रो में स्वास्थ्य सुविधाओं में विस्तार के साथ ही लाभार्थी के नॉर्मल और सीजेरियन प्रसव कराने की सुविधा निरंतर जिले में बढ़ाई जा रही है।
: आज सांसद ज्योत्सना महंत की नामांकन रैली में उमड़ेगा रेला
Tue, Apr 16, 2024
कोरबा (न्यूज उड़ान) लोकसभा की कांग्रेस प्रत्याशी ज्योत्सना चरणदास महंत के द्वारा आज 16 अप्रैल, मंगलवार को नामांकन दाखिल किया जाएगा। इसके पूर्व डॉ. भीमराव अंबेडकर ओपन ऑडिटोरियम घंटाघर में नामांकन सभा का आयोजन रखा गया है। इसके पश्चात वे रैली की शक्ल में नामांकन दाखिल करने कलेक्ट्रेट के लिए रवाना होंगी। ज्योत्सना महंत के नामांकन रैली में 2 दर्जन से अधिक दिग्गज नेताओं के साथ-साथ पूरे संसदीय क्षेत्र के आठों विधानसभा से पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं की उपस्थिति हजारों की संख्या में रहेगी। कांग्रेस परिवार ने कांग्रेस के समस्त पदाधिकारियों, महिला कांग्रेस, युवा कांगे्रस, एनएसयूआई, इंटक, सेवादल सहित सभी अनुषंगी संगठनों के कार्यकर्ताओं से नामांकन रैली में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने की अपील की है।
---------
: कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने ली दर्री मंडल के तीन वार्डों में नुक्कड़ सभा।
Mon, Apr 15, 2024
कोरबा( न्यूज उड़ान) दर्री मंडल के वार्ड क्रमांक 51 लाटा बस्ती में नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए मंत्री श्री देवांगन ने कांग्रेस पर जमकर प्रहार किया। मंत्री श्री देवांगन ने कहा की चुनाव की बारी आई है तो कांग्रेस फिर से झूठ का पुलिंदा लेकर आ गई है।। अब कांग्रेस कह रही है की हर महिला को सालाना 1 लाख देगी, जब इनकी सरकार थी तब तो कांग्रेस ने दिया नही अब क्या कोयले और चावल मे भ्रष्टाचार का पैसा से कांग्रेस राशि देगी। कांग्रेस का एक ही काम है, झूठ बोलो और लूट खसोट करो। इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, युवा मोर्चा के महामंत्री और पार्षद नरेंद्र देवांगन, दर्री मंडल अध्यक्ष ईश्वर साहू, पूर्व पार्षद डा आर सी पांडेय, वरिष्ठ भाजपा नेत्री उमा भारती शराफ़, तुलसी ठाकुर, नारायण ठाकुर, पार्षद बुधवार यादव, राधे यादव समेत अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कमल खिलेगा तो कोरबा का स्वर्णिम काल तय
प्रगतिनगर गेट तीन में आयोजित नुक्कड़ सभा में वाणिज्य, उद्योग और श्रम मंत्री श्री लखन लाल देवांगन शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा की लोकसभा चुनाव में भाजपा को वोट दे, मोदी जी को वोट दे, ताकि कोरबा का स्वर्णिम काल आ सके। ये पहली बार होने जा रहा है जब प्रदेश में भाजपा की सरकार है, आप सभी ने विधानसभा चुनाव में वोट देकर कोरबा का विधायक और संगठन ने मंत्री का दायित्व दिया है, अब अगर कोरबा में भाजपा की सांसद जीतकर आती है तो राज्य और केंद्र सरकार दोनों से कोरबा के विकास के लिए राशि स्वीकृत होगी।लापता सांसद को दें करारा जवाब
मंत्री श्री देवांगन ने चोरभट्टी में आयोजित नुक्कड़ सभा में कहा की पिछले बार लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को वोट देकर जनता पांच साल तक परेशान रही।सांसद ने पांच साल तक अपना चेहरा तक नहीं दिखाया, इस चुनाव में फिर से लापता सांसद कांग्रेस की प्रत्याशी मैदान में हैं, आपने बीते पांच साल से जितनी भी समस्या झेली है उसका हिसाब 7 मई को वोट देकर करिए।ताकि 4 जून को जब वोटो की गिनती होगी तब भाजपा को झारमझार वोट मिले।