कोरबा : कोरबा प्रेस क्लब चुनाव 2026-28 की घोषणा: 14 जून को होगा मतदान।
Tue, Jun 9, 2026
कोरबा( न्यूज उड़ान )कोरबा प्रेस क्लब के वर्ष 2026-28 के आगामी चुनाव की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है।
मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. छेदीलाल अग्रवाल द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, इस बार कुल 166 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
चुनाव और मतदान की पूरी प्रक्रिया तिलक भवन, कोरबा प्रेस क्लब, टी.पी. नगर कोरबा में संपन्न होगी।
इन पदों पर होगा चुनाव
प्रेस क्लब की कार्यकारिणी के कुल 9 पदों के लिए मतदान होना है, जो इस प्रकार हैं:
संरक्षक – 1 पद
अध्यक्ष – 1 पद
उपाध्यक्ष – 1 पद
सचिव – 1 पद
उपसचिव – 1 पद
कोषाध्यक्ष – 1 पद
कार्यकारिणी सदस्य – 3 पद
पूरा चुनावी कार्यक्रम (शेड्यूल)
चुनाव प्रक्रिया 9 जून से शुरू होकर 14 जून तक चलेगी।
विस्तृत कार्यक्रम नीचे दिया गया है:
9 जून (मंगलवार): सुबह 10:00 बजे प्रारंभिक मतदाता सूची का प्रकाशन।
10 जून (बुधवार): सुबह 10:00 से दोपहर 12:00 बजे तक मतदाता सूची पर दावा-आपत्ति और शाम 4:00 बजे अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन।
11 जून (गुरुवार): सुबह 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक नामांकन पत्रों की बिक्री।
12 जून (शुक्रवार):
सुबह 10:00 से दोपहर 2:00 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल करना।
दोपहर 2:30 बजे प्रत्याशियों की सूची का प्रकाशन।
शाम 4:00 बजे तक दावा-आपत्ति और निराकरण।
शाम 4:30 बजे अंतिम प्रत्याशियों की सूची का प्रकाशन।
13 जून (शनिवार): दोपहर 2:00 बजे तक नाम वापसी के बाद अंतिम सूची का प्रकाशन।
14 जून (रविवार):
सुबह 10:00 से दोपहर 3:00 बजे तक मतदान।
शाम 4:00 बजे से मतगणना और चुनाव परिणामों की घोषणा।
कोरबा : धारदार हथियार से हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार।
Tue, Jun 9, 2026
धारदार हथियार से हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार।
पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर किया था जानलेवा हमला।
घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद, न्यायालय से पुलिस रिमांड प्राप्त।
पुलिस सहायता केंद्र मानिकपुर की त्वरित कार्रवाई।
कोरबा( न्यूज उड़ान )पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले तथा नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में जिले में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में पुलिस सहायता केंद्र मानिकपुर की टीम ने धारदार हथियार से हमला कर युवक को घायल करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 04 जून 2026 को प्रार्थी प्रकाश सिंह पिता उदय सिंह, निवासी रामनगर, कोरबा द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसका पुत्र प्रदीप दास शाम लगभग 06:40 बजे मोहल्ले में मौजूद था।
इसी दौरान आरोपी ईश्वर बंजारे वहां पहुंचा और पुरानी रंजिश को लेकर विवाद करने लगा।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए अपने पास रखे धारदार कटरनुमा हथियार से प्रदीप दास पर हमला कर दिया।
घटना के दौरान बीच-बचाव करने आए लोगों के साथ भी आरोपी द्वारा मारपीट की गई, जिससे पीड़ित को गंभीर चोटें आईं। घायल को तत्काल उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया, जहां उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 493/2026 पंजीबद्ध कर आरोपी के विरुद्ध धारा 333, 296 एवं 115(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
चिकित्सकीय परीक्षण रिपोर्ट प्राप्त होने पर प्रकरण में धारा 118(1) बीएनएस भी जोड़ी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सहायता केंद्र मानिकपुर की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ईश्वर बंजारे पिता रतन प्रसाद बंजारे, उम्र 21 वर्ष, निवासी रामनगर, कोरबा की तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद आरोपी को दिनांक 06 जून 2026 को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस द्वारा घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद कर लिया गया है।
आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। मामले से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों एवं संभावित आपराधिक गतिविधियों के संबंध में विस्तृत विवेचना जारी है।
कोरबा पुलिस आमजन की सुरक्षा, कानून व्यवस्था बनाए रखने एवं अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु प्रतिबद्ध है। जिले में शांति व्यवस्था भंग करने वाले तथा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
रायपुर : स्व. भुवनेश्वर यादव के पीड़ित परिवार को सर्व यादव समाज ने दी ₹1,05,000 की आर्थिक सहायता।
Tue, Jun 9, 2026
रायपुर( न्यूज उड़ान )(मंदिर हसौद)
स्वर्गीय भुवनेश्वर यादव के पीड़ित परिवार को आर्थिक संबल प्रदान करने हेतु सर्व यादव समाज छत्तीसगढ़ द्वारा ₹1,05,000 (एक लाख पाँच हजार रुपये) की सहायता राशि प्रदान की गई।
यह सहयोग राशि समाज के प्रांताध्यक्ष श्री रमेश यदु के मार्गदर्शन, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष श्रीमती धनमती यादव के दिशा-निर्देश तथा मगधा यादव समाज रायपुर के जिलाध्यक्ष श्री गजानंद यादव की पहल पर एकत्रित की गई।
विगत दिनों भुवनेश्वर यादव की निर्मम हत्या की घटना से पूरा यादव समाज शोकाकुल है।
मृतक अपने परिवार के एकमात्र सहारा थे, जिससे उनके छोटे बच्चों की शिक्षा एवं परिवार की आर्थिक स्थिति पर गंभीर संकट उत्पन्न हो गया था।
समाज द्वारा दशगात्र के अवसर पर यह सहायता राशि प्रदान कर श्रद्धांजलि स्वरूप आर्थिक सहयोग किया गया।
इस अवसर पर समाज के पदाधिकारियों ने पीड़ित परिवार से भेंट कर गहरी संवेदना व्यक्त की तथा हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
प्रांताध्यक्ष श्री रमेश यदु ने कहा कि दुःख की इस घड़ी में पूरा यादव समाज परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है और भविष्य में भी सहयोग जारी रहेगा।
मगधा यादव समाज छत्तीसगढ़ के प्रदेश महासचिव श्री मनोज कुमार यादव ने सभी सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज की एकजुटता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है।
कार्यक्रम में मुकेश यादव, राम यादव, अनिल यादव, शेखर यादव, जितेश यादव, ओम प्रकाश यादव (उपाध्यक्ष नगर पंचायत मंदिर हसौद), बलवंत यादव, बल्ला यादव सहित विभिन्न समाज संगठनों के पदाधिकारी एवं समाजजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान स्वर्गीय भुवनेश्वर यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।