: कलेक्टर ने पीएम योजना के बेहतर क्रियान्वयन हेतु जिला अधिकारियों की ली बैठक।
Sat, Jan 6, 2024
कोरबा (न्यूज उड़ान ) विशेष कमजोर जनजातियों के समाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक उत्थान के लिए संचालित प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महा अभियान (पीएम जनमन) योजना के बेहतर क्रियान्वयन हेतु नवपदस्थ कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने आज कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली।इस दौरान अपर कलेक्टर श्री प्रदीप साहू, श्री दिनेश नाग, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्री श्रीकांत कसेर, सभी एसडीएम, जनपद सीईओ सहित शिक्षा, स्वास्थ्य, पीएचई, कृषि, वन, खाद्य, पशुधन, पीएमजेएसवाई, विद्युत, बैंक आदि विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर श्री वसंत ने प्रधानमंत्री जनमन योजना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के तहत विभिन्न विभागों के माध्यम से पीव्हीटीजी बसाहटो में अगले तीन वर्ष में विभिन्न विभागों के समन्वय से सभी बड़े मूूलभूत कार्य पेयजल,आवास, सड़क, मोबाईल मेडिकल यूनिट, छात्रावास निर्माण,आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से पोषण, वनधन केंद्र की स्थापना, इंटरनेट एवं मोबाईल सर्विस की उपलब्धता तथा आजीविका संवर्धन हेतु कौशल विकास जैसे महत्वपूर्ण गतिविधियों का क्रियान्वयन किया जाएगा। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं में विस्तार, सुरक्षित प्रसव, आयुष्मान कार्ड से निःशुल्क ईलाज, स्वच्छ पेयजल, आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों, गर्भवती शिशुवती महिलाओं को लाभ, आजीविका के साधन, वन अधिकार पट्टा, राशन जैसी सुविधाओं का भी लाभ पहुंचाया जाएगा। जिससे वे समाज की मुख्य धारा से जुड़ पाएं। कलेक्टर श्री वसंत ने सम्बन्धित अधिकारियों को जिले के चिन्हांकित सभी पीव्हीटीजी समुदाय के लोगों को प्रधानमंत्री जनमन योजना का लाभ दिलाने मिशन मोड में कार्य करने के निर्देश दिए। इस हेतु प्रभावी कार्ययोजना बनाकर सर्वे कराने तथा शिविर के माध्यम से विशेष पिछड़ी जनजाति के वंचित लोगों का आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, जनधन खाता, केसीसी,वन अधिकार पत्र, जाति प्रमाण पत्र सहित अन्य योजनाओं से लाभान्वित करने के भी निर्देश दिए। साथ ही सर्वे के पश्चात प्राप्त आंकड़े के आधार पर चिन्हांकित लोगों को लाभान्वित करने हेतु पूरी तत्परता से कार्य करने अधिकारियों को निर्देशित किया।
उन्होंने कहा कि पीव्हीटीजी बसाहट में किए जा रहे सर्वे में वंचित लोगों का नामवार एंट्री किया जाए, जिससे शिविर के दिन उन्हे उपस्थित कराकर लाभ पहुंचाया जा सके। साथ ही उनका आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड बनाने हेतु आयोजित शिविर से पूर्व आवश्यक दस्तावेजों की भी पूर्ति सुनिश्चित कर ली जाए। इस हेतु आरईएओ, पटवारी, सचिव, बीएलओ सहित अन्य फील्ड अधिकारियों की भी ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारी को वन अधिकार पट्टा या व्यक्तिगत भूमिस्वामी पीव्हीटीजी लोगों को पीएम किसान सम्मान निधि योजना से शत प्रतिशत लाभ दिलाने के निर्देश दिए।इसी प्रकार वन भूमि पर काबिज पात्र लोगों को वन अधिकार पट्टा प्रदान कर अन्य शासकीय योजनाओं से लाभ दिलाने के लिए कहा। साथ ही इन बसाहटों में शिविर लगने के संबंध में मुनादी, बैनर पोस्टर के माध्यम से व्यापक प्रचार प्रसार करने की बात कही। बैठक में कलेक्टर श्री वसंत को सहायक आयुक्त श्री कसेर ने बताया कि जिले में विशेष पिछड़ी जनजाति के पहाड़ी कोरवा एवं बिरहोर निवासरत है। योजना के अंतर्गत जिले के 74 बसाहटों में रहने वाले 1301 परिवारों के लगभग 4754 लोगों को पात्रतानुसार लाभान्वित किया जाएगा। सर्वे प्रतिवेदन के आधार पर कार्य योजना बनाकर सभी कार्याे को समय सीमा में पूर्ण किया जाएगा।उन्होंने बताया कि पीव्हीटीजी बसाहटो में प्रशासन द्वारा शिविर का आयोजन कर वंचित लोगों का आयुष्मान, आधार, राशन, ई-श्रम कार्ड, जॉब कार्ड, जन धन खाता, वन अधिकार पट्टा, जाति प्रमाण पत्र जैसी अन्य योजनाओं से प्रथमिकता से लाभान्वित किया जा रहा है।
: नवपदस्थ कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने ली जिला अधिकारियों की परिचयात्मक बैठक।
Sat, Jan 6, 2024
कोरबा( न्यूज उड़ान) नवपदस्थ कलेक्टर श्री अजीत वसंत द्वारा आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला अधिकारियों की परिचयात्मक बैठक ली गई। जिसमें उन्होंने कहा कि जिले के विकास की गति को आगे बढ़ाने के साथ शासन की योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन पर प्रशासन का ध्यान केंद्रित रहेगा।
साथ ही शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं का जमीनी स्तर पर व बेहतर क्रियान्वयन कर आम जन को लाभान्वित करना भी उनकी प्राथमिकता होगी।
इस अवसर पर निगमायुक्त सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई, अपर कलेक्टर श्री प्रदीप साहू, श्री दिनेश नाग, समस्त एसडीएम, जनपद सीईओ, शिक्षा, स्वास्थ्य, खाद्य, कृषि, सहित अन्य विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे। बैठक में कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने सभी अधिकारियों से परिचय लेते हुए विभाग के कार्यों की प्राथमिक जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सभी विभागीय अधिकारी कर्मचारी कार्यालय में अनुशासन का पालन करें एवं समय पर उपस्थित रहकर अपने कर्तव्यों का जिम्मेदारी पूर्वक निर्वहन करें। उन्होंने विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन स्थिति की जानकारी लेते कहा कि जिले के विकास में प्रशासन के सभी अधिकारी कर्मचारी अच्छा कार्य कर रहे हैं, विकास की इस गति को बेहतर कार्ययोजना के साथ और आगे बढ़ाया जाएगा। इस हेतु सभी अधिकारी कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
कलेक्टर ने कहा कि जिले के विकास में प्रशासन एक टीम के रूप में निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं ईमानदारी से कार्य करते हुए आमजनों को लाभ पहुचाने की दिशा में कार्य करेंगे। उन्होंने कहा की टीएल के प्रकरण एवं कलेक्टर जन चौपाल में प्राप्त आवेदनों के निराकरण में सभी अधिकारी समय सीमा का विशेष ध्यान रखें।कलेक्टर श्री वसंत ने जिले में प्रधानमंत्री जनमन योजना, विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत लगाए जा रहे शिविर की जानकारी लेते हुए शत-प्रतिशत लोगों को योजना से लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी लोक सभा चुनाव की तैयारी हेतु आवश्यक सभी व्यवस्था समय रहते सुनिश्चित करने के लिए कहा। इसी तरह जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्यानिकी, खनिज, राजस्व प्रकरण सहित अन्य योजनाओं की कार्य प्रगति की जानकारी लेते हुए लंबित आवेदनों का निराकरण के क्षेत्र में गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए।
: पीएम विश्वकर्मा योजनान्तर्गत एक दिवसीय कार्यशाला का हुआ आयोजन
Sat, Jan 6, 2024
कोरबा( न्यूज उड़ान ) कलेक्टर श्री अजीत वसंत के निर्देशन में नगर पालिक निगम, कोरबा तथा जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र द्वारा संयुक्त रूप से जिला पंचायत सभाकक्ष कोरबा में पीएम विश्वकर्मा योजनान्तर्गत एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।कार्यशाला में अपर आयुक्त नगर पालिक निगम श्री खजांची कुम्हार, महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र श्री टी.आर. कश्यप, सी.एस.सी प्रबंधक श्री अविनाश देवांगन एवं जिले के 18 प्रकार के परंपरागत व्यवसायों से जुड़े कारीगरों, शिल्पकारों के संघ प्रमुख व प्रतिनिधगण उपस्थित रहें। कार्यशाला में अपर आयुक्त श्री खजांची कुम्हार द्वारा पी.एम. विश्वकर्मा योजना से संबंधित विभिन्न बिंदुओं एवं पात्रता के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।इसी प्रकार, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र महाप्रबंधक श्री कश्यप द्वारा योजना से संबंधित जानकारी देते हुये बताया गया कि जिले में इस योजनान्तर्गत 7898 कारीगरों, शिल्पकारों का पंजीयन किया जा चुका है।ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायत एवं शहरी निकाय क्षेत्रों में निगरीय निकायों के द्वारा प्रथम चरण सत्यापन किया जाएगा। सत्यापन उपरांत जिला स्तरीय क्रियान्वयन समिति में आवेदन पत्रों का पुनरीक्षण कर पात्र कारीगरों, शिल्पकारों का अनुमोदन किया जाएगा। तत्पश्चात् पात्र हितग्राहियों को ऋण प्रदान करने की कार्यवाही की जाएगी।इस दौरान श्री कश्यप द्वारा कार्यशाला में उपस्थित प्रतिभागियों के शंकाओं का समाधान करते हुये योजनान्तर्गत विभिन्न चरणों की प्रकियाओं की विस्तुत जानकारी दी गई तथा अधिकाधिक संख्या में पात्र आवेदकों को लोक सेवा केन्द्रों के माध्यम से पंजीयन कराये जाने हेतु आग्रह किया गया।सी.एस.सी. प्रबंधक ने योजनान्तर्गत कारीगरों, शिल्पकारों के पंजीयन हेतु आधार, मोबाईल नम्बर, बैंक विवरण एवं राशन कार्ड की आवश्यकता बताते हुये पंजीयन के इच्छुक कारीगरों/शिल्पकारों का आज के कार्यशाला में ही 39 कारीगरों/शिल्पकारों का पंजीयन किया गया।