: नुक्कड़-नाटक के माध्यम से छात्र-छात्राओं ने दिया मतदाता जागरूकता का संदेश
Fri, Mar 22, 2024
कोरबा (न्यूज उड़ान) कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अजीत वसंत एवं जिला स्वीप नोडल अधिकारी व सीईओ जिला पंचायत श्री संबित मिश्रा के निर्देशन में शासकीय इंजीनियरिंग विश्वेश्वरैया स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोरबा के प्राचार्य डॉ. साधना खरे तथा शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान कोरबा के प्राचार्य श्री राम हरिशरण के मार्गदर्शन में आगामी लोकसभा निर्वाचन 2024 हेतु मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत स्वीप इकाई द्वारा आगामी चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुये कोरबा शहर के बुधवारी बाजार परिसर में स्वीप नुक्कड़-नाटक का आयोजन किया गया। जिसमें आम नागरिकों के बीच अनिवार्य मतदान का संदेश देते हुए उनसे मतदान में शत-प्रतिशत भाग लेने हेतु शपथ दिलाई गई। शासकीय ईवीपीजी कॉलेज तथा डाईट संस्थान के संयुक्त तत्वाधान में विद्यार्थियों ने आगामी चुनाव के प्रति लोगों को सजग रहने, अनिवार्य एवं निष्पक्ष मतदान करने, प्रलोभन विहीन एवं भयमुक्त होकर सही व्यक्ति का चुनाव, मतदान प्रतिशत में वृद्धि आदि उद्देश्यों को ध्यान में रखकर नुक्कड़ नाटक का प्रदर्शन किया और उपस्थित मतदाताओं से आग्रह किया।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आमजनों को 07 मई मतदान के दिन को ना भूलकर, अनिवार्य रूप से निष्पक्ष मतदान को प्राथमिकता देने तथा आस-पास के अन्य लोगों को भी वोट देने के लिए प्रेरित किया गया। महाविद्यालय के स्वीप नोडल अधिकारी एवं प्राणीशास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष श्री बलराम कुर्रे ने उपस्थित मतदाता को बताया कि मतदान एक महादान है, हमारा एक वोट प्रत्याशी का भाग्य का बदल सकता है,प्रत्येक वोट का महत्व है, इसलिए हमें एक शिक्षित एवं जागरूक मतदाता बनकर अपना वोट देकर चुनाव आयोग के कार्य में सहभागिता देनी है। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान कोरबा के व्याख्याता एवं स्वीप नोडल अधिकारी श्री गौरव शर्मा ने संदेश देते हुए मतदाताओं से अपील किया कि चुनाव में एक -एक वोट महत्वपूर्ण होता है, एक वोट हमारा भाग्य बदल सकता है, इसलिये मतदान के दिन सब कार्यों में पहली प्राथमिकता मतदान को देना है एवं अनिवार्य रूप से मतदान करने जाना है। महाविद्यालय के गृहविज्ञान के विभागाध्यक्ष एवं एनएसएस अधिकारी श्री अजय पटेल ने कहा कि हर मतदाता अपने बच्चे और परिवार के उज्जवल भविष्य को ध्यान में रखकर मतदान करें। हर एक वोट से देश की दशा और दिशा बदल सकती है इसलिए समय निकालकर मतदान के दिन अवश्य मतदान करें।महाविद्यालय के संस्कृत विभाग के विभागाध्यक्ष श्री कन्हैया सिंह कँवर ने जन समुदाय से अपील किया कि मतदाता राष्ट्र का भाग्य निर्माता होते है, हमारा एक वोट सही व्यक्ति के चुनाव में महत्वपूर्ण होता है और यही सही व्यक्ति समाज एवं देश को विकास के पथ पर अग्रसर करता है इसलिए हमें मतदान के दिन अवश्य रूप से वोट देना है, दूसरों को वोट देने के लिये जागरूक करना है एवं यथा संभव वरिष्ठ एवं दिव्यांग जन की सहायता करना है ।
: भाजपा लोकसभा प्रत्याशी ने दीपका में किया जनसंपर्क
Fri, Mar 22, 2024
कोरबा (न्यूज उड़ान) सोमवार को भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व लोकसभा प्रत्याशी डॉ सरोज पांडेय ने कटघोरा विधानसभा के दिपका एवं बाकी मोंगरा मंडल में जनसम्पर्क किया।
इस दौरान उन्होंने माँ समलाई मंदिर में पूजा कर विजयनगर,देवनगर,झाबर बस्ती, बतारी दीपका,मोंगरा बस्ती एवं सर्वमंगला नगर में आयोजित नुक्कड़ सभा को संबोधित एवं आमजन से मुलाकात कर आशीर्वाद प्राप्त किया।उन्होंने दीपका बाजार में रोड शो के जरिए व्यापारिक परिसरों जनसम्पर्क भी किया, जिसमें करमा नृत्य दल के साथ कार्यकर्ताओं का हुजूम नजर आया। इस अवसर पर कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।डॉ सरोज पांडेय ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी दिन-रात गांव, गरीब एवं महिलाओं की चिंता में लगे रहते हैं। उन्होंने महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए अनेक योजनाएं प्रारंभ की। जिसमें बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, उज्ज्वला योजना, पीएम आवास, लखपति दीदी एवं ड्रोन दीदी आदि शामिल है। विधानसभा चुनाव के पहले मोदी जी ने जो गारंटी दी थी, वह आज हमारे राज्य सरकार ने उस गारंटी को पूरी कर दी है। आज हर महिला के खाते में 1-1 हजार रुपये महीने का आ गया है। महिलाएं छोटे-मोटे खर्चे के लिए स्वयं सक्षम हो गयी है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव मोदी जी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने का चुनाव है। इसीलिए हमें मोदी जी के नाम पर वोट करना है।सुश्री पांडेय ने कहा कि आपने अपना कीमती वोट देकर कांग्रेस की सांसद को जिताकर भेजा था, लेकिन वह कांग्रेस की सांसद क्षेत्र की चिंता करना छोड़ अपनी चिंता में लगी रही। उन्होंने कोरबा लोकसभा क्षेत्र के विकास के लिए ना कोई काम किया ना ही यहां के लोगों के सुख-दुख के चिंता की। आप फिर से वह आपके दरवाजे आने वाली है हमें ऐसे नेताओं से बचकर रहना। हमें कोरबा क्षेत्र के विकास के लिए नेता नहीं बेटी को चुनना है।इस दौरान महामंत्री संतोष देवांगन, मनोज शर्मा, मण्डल अध्यक्ष देवांगन सहित कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
: ठेका श्रमिकों और महिला संगठन की सदस्यों ने ली मतदान करने की शपथ
Fri, Mar 22, 2024
कोरबा (न्यूज उड़ान) कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अजीत वसंत के निर्देशन में मतदाताओं को जागरूक करने जिले में स्वीप की गतिविधियां जारी हैं।
इसी कड़ी में शासकीय मुकुटधर पाण्डेय महाविद्यालय कटघोरा में प्राचार्य डॉ. एम. एम. जोशी के नेतृत्व में मतदाता जागरूकता का कार्यक्रम चलाया गया।
छात्र-छात्राओं को मतदान के लिए प्रेरित किया गया। शासकीय महाविद्यालय दीपका में स्लोगन प्रतियोगिता के माध्यम से युवा मतदाताओं को मतदान का महत्व बताते हुए रोचक नारों के साथ मतदान में शामिल होने प्रेरित किया गया। इसी तरह विद्यार्थियों की मानव श्रृंखला बनाकर, पोस्टर के माध्यम से मतदान का महत्व बताया गया।
इसी कड़ी में शासकीय महाविद्यालय ग्राम्य भारती हरदीबाजार, मिनीमाता कन्या महाविद्यालय, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय लाफा पाली में छात्र-छात्राओं द्वारा शपथ लेकर मतदान जागरूकता कार्यक्रम संचालित किया गया।
लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में स्वसहायता समूह से जुड़ी महिलाओं तथा ठेका श्रमिकों ने भी मतदान का शपथ लिया। करतला ब्लॉक के मुस्कान महिला संगठन, जनपद पंचायत पाली के संगम महिला, सखी महिला समूह की महिलाओं ने शत-प्रतिशत मतदान करने की शपथ ली।
महिलाओं ने निष्पक्ष होकर मतदान करने की शपथ ली। इसी तरह एसईसीएल कोरबा मानिकपुर खदान क्षेत्र में कार्मिक प्रबंधक श्री विनोद सिंह के दिशा-निर्देशन में सुरक्षा संदेश के साथ ही मतदाता जागरूकता अभियान के तहत ठेका श्रमिकों द्वारा मतदान की शपथ ली गई। ठेका श्रमिकों को बताया गया कि लोकतंत्र में एक-एक वोट का कितना महत्व है।