: रामनगरी से आए अक्षत कलश पात्र : सीतामणी से निकलेगी शोभायात्रा
Thu, Nov 30, 2023
कोरबा (न्यूज उड़ान) : अयोध्या में रामजन्म भूमि पर निर्मित हो रहे भव्य श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा से पूर्व विभिन्न आयोजन अखिल भारतीय स्तर पर हिंदू समाज कर रहा है।इस श्रृंखला में लोगों को कार्यक्रम से जोड़ने के लिए अयोध्या में पूजित अक्षत और अन्य सामाग्री देशभर में भिजवाई जा रही है। इस अक्षत के माध्यम से लोगों को श्रीराम मंदिर दर्शन के लिए आमंत्रण दिया जाएगा। अयोध्या से औद्योगिक नगरी कोरबा में अक्षत कलश 1 दिसंबर को पहुंच रही है। इस अवसर पर अक्षत स्वागत शोभायात्रा 1 दिसंबर को सायं 5 बजे श्रीराम जानकी मंदिर सीतामणी से प्रारंभ होगी। इसके लिए वृहद तैयारी की गई है।
शुक्रवार को यह कार्यक्रम कोरबा नगर में होगा। शोभायात्रा के साथ दुपहिया और अन्य गाड़ियों में लोग होंगे। आकर्षक कलश में अक्षत होंगे, जिनका विभिन्न स्थानों पर पूजन और दर्शन होगा। सीतामणी चौराहा, सप्तदेव मंदिर, पुराना बस स्टैंड, रेलवे क्रासिंग पेट्रोल पंप, सुनालिया नहर पुल, ट्रांसपोर्ट नगर चौक इन सभी स्थानों पर पूजन, दर्शन व स्वागत किया जाएगा। सीएसईबी चौराहा स्थित गायत्री शक्तिपीठ पहुंचकर स्वागत शोभायात्रा का समापन होगा और यहां पर अक्षत पात्र को शक्तिपीठ में स्थापित किया जाएगा। श्रीराम जन्मभूमि सेवा महोत्स्व समिति कोरबा द्वारा शहरवासियों को इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने आग्रह किया गया है।
: एनटीपीसी कोरबा को नवंबर 2023 में कई पुरस्कारों से किया गया सम्मानित
Thu, Nov 30, 2023
कोरबा (न्यूज उड़ान )एनटीपीसी कोरबा अस्पताल को दिल्ली में आयोजित 31वीं सीएमओ प्रशासनिक बैठक में बड़े अस्पताल श्रेणी के लिए सर्वश्रेष्ठ स्वास्थ्य सेवा उपविजेता पुरस्कार जीता।
यह पुरस्कार श्री लोकेश महिंद्रा, सीएमओ, कोरबा द्वारा श्री गुरदीप सिंह, सीएमडी, एनटीपीसी लिमिटेड और श्री डी.के. पटेल निदेशक (मानव संसाधन), एनटीपीसी लिमिटेड की गरिमामय उपस्थिति में प्राप्त किया गया।
25 और 26 नवंबर 2023 को एनटीपीसी कोरबा को पीआरएसआई (पब्लिक रिलेशंस सोसाइटी ऑफ इंडिया) अवार्ड्स 2023 में दो पुरस्कार प्राप्त हुए। एनटीपीसी कोरबा ने पीआर श्रेणी में अंग्रेजी में सर्वश्रेष्ठ समाचार पत्र में दूसरा स्थान हासिल किया और परम पूज्य स्वामी चिदानंद सरस्वतीजी, परमार्थ निकेतन, ऋषिकेश ने एनटीपीसी कोरबा की पीआरओ सुश्री उष्मा घोष को पुरस्कृत किया।
इस अवसर पर श्री सुधांशु त्रिवेदी, राज्यसभा सदस्य, नई दिल्ली, श्री नरेश बंसल, संसद सदस्य (राज्यसभा) और डॉ. संदीप मारवाह, चांसलर, एएएफटी विश्वविद्यालय और मारवाह स्टूडियो, नोएडा भी उपस्थित रहे।तीसरे स्थान पर एक और पुरस्कार सीएसआर श्रेणी में पीएसयू द्वारा सर्वश्रेष्ठ कौशल विकास कार्यक्रम के लिए था, जिसे सुश्री उष्मा घोष, पीआरओ, एनटीपीसी कोरबा ने राजदूत श्री राजशेखर, विदेश मंत्रालय, नई दिल्ली, श्री राजीव रंजन मिश्रा, वरिष्ठ ऊर्जा सलाहकार, विश्व बैंक और पूर्व सीएमडी, वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड और प्रोफेसर ध्रुब ज्योति पति, डीन और निदेशक, इंडिया टुडे मीडिया इंस्टीट्यूट, नोएडा की गरिमामय उपस्थिति में प्राप्त किया।इसके अलावा, नवम्बर के गुणवत्ता माह 2023 के दौरान, टीम एफक्यूए-कोरबा ने विश्व गुणवत्ता माह पैन एनटीपीसी में पहला स्थान (सर्वश्रेष्ठ एफक्यूए) हासिल किया। यह पुरस्कार एनटीपीसी लिमिटेड के ईडी से सीएमडी श्री के. सुंदरम की उपस्थिति में प्राप्त किया गया।
: पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति हेतु ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 30 दिसंबर तक
Thu, Nov 30, 2023
कोरबा जिले में संचालित कक्षा 12वीं से उच्चतर के समस्त शासकीय/अशासकीय महाविद्यालय, विश्वविद्यालय, इंजीनियरिंग कॉलेज, मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, पॉलीटेक्निक एवं आईटीआई आदि में अध्ययनरत् अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति की पात्रता रखने वाले छात्र-छात्राओं के लिए शिक्षा सत्र 2023-24 अंतर्गत ऑनलाईन पंजीयन/आवेदन, स्वीकृति एवं वितरण का कार्य जारी है। जिसके तहत विद्यार्थी द्वारा ऑनलाईन आवेदन हेतु (नवीन एवं नवीनीकरण हेतु) 28 नवम्बर से 30 दिसम्बर तक, ड्रॉफ्ट प्रपोजल लॉक करने हेतु 15 दिसम्बर 2023 से 20 जनवरी 2024 तक तथा स्वीकृति आदेश लॉक करने की तिथि 15 दिसम्बर 2023 से 24 जनवरी 2024 तक किया जाएगा। पात्र अभ्यर्थी http://postmatric-scholarship.cg.nic.inवेबसाईट पर जाकर ऑनलाईन आवेदन कर सकते हैं।
सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग ने बताया कि उक्त तिथियों के पश्चात शिक्षा सत्र 2023-24 की पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति हेतु आवेदन स्वीकृत नहीं किए जायेंगे एवं ड्रॉफ्ट प्रपोजल एवं स्वीकृति लॉक करने का अवसर भी प्रदान नहीं किया जाएगा। उक्त तिथि तक कार्यवाही पूर्ण नहीं करने पर यदि संबंधित संस्थाओं के विद्यार्थी छात्रवृत्ति से वंचित रह जाते है तो इसके लिए संस्था प्रमुख स्वतः जिम्मेदार होंगे।
पीएफएमएस के माध्यम से आधार आधारित पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति का भुगतान किया जा रहा है। अतएव सभी विद्यार्थी ऑनलाइन आवेदन करते समय ध्यान रखें कि उनका बचत खाता एक्टिव हो एवं आधार सीडेट बैंक खाता नंबर की प्रविष्टि ही करना सुनिश्चित करें। सत्र 2023-24 से विद्यार्थियों द्वारा पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति हेतु किए गए आवेदन का सत्यापन आधार से लिंक मोबाईल नंबर पर ओटीपी के माध्यम से किया जाना है। विद्यार्थी आधार नंबर पर पंजीकृत मोबाइल नंबर की प्रविष्टि आवेदन करते समय करना सुनिश्चित करें।