: शराब पीकर गुंडागर्दी करने के आरोप में गिरफ्तार
Sat, Oct 1, 2022
कोरबा|
कोरबा शहर के ढेँगूरनाला कोहड़िया क्षेत्र में 28 सितम्बर को प्रार्थी गरहन लाल चौहान निवासी ढेँगूर नाला कोहड़िया जिला कोरबा के द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराया गया था कि मोहल्ले का ही एक व्यक्ति के द्वारा आये दिन अपने साथियों के साथ मोहल्ले में नशा करके गाली-गुप्तार करते रहता हैं, जिसे मना करने पर वाद-विवाद और मारपीट करता हैं। 26 सितम्बर को भी वह नशे में गाली-गलौच कर रहा था जिसे मना करने पर प्रार्थी को घर घुसकर मारपीट किया गया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस चौकी सीएसईबी कोरबा में अपराध क्रमांक 911/22 धारा 452, 294, 506, 323, 34 आईपीसी पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया एवं मामले से वरिष्ठ अधिकारिओं को अवगत कराया गया। विवाद मामले की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए कोईबा जिला पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के मार्गदर्शन व नगर पुलिस अधीक्षक कोरबा योगेश साहू के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी कोतवाली कोरबा निरीक्षक रूपक कुमार शर्मा एवं चौकी प्रभारी सीएसईबी उप निरीक्षक नवल साव को ऐसे असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्यवाही करने हेतु सख्त दिशा-निर्देश प्राप्त हुआ। वरिष्ठ अधिकारियों से प्राप्त दिशा-निर्देश के परिपालन में चौकी प्रभारी सीएसईबी उप निरीक्षक नवल साव के द्वारा क्षेत्र में शांति व्यवस्था स्थापित करने हेतु 30 सितम्बर को अपने अधिनस्थ स्टाफ प्रधान आरक्षक दिलीप झा, आरक्षक देव नारायण कुर्रे के साथ मिलकर ढेँगूरनाला कोहड़िया क्षेत्र में अशांति का माहौल बनाने वाले आरोपी गण को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
: कोरबा के पाली परसदा में पकड़ाया मगरमच्छ-वनविभाग ने पानी में छोड़ा
Sat, Oct 1, 2022
कोरबा|
कोरबा के पाली विकासखंड के परसदा गांव में 7 फ़ीट लंबा एक विशालकाय मगरमच्छ गांव में घुस आया। जिसके बाद कुछ ग्रामीणों ने हिम्मत करके इसे काबू में किया और खूंटे से बांध दिया। इसके बाद वन विभाग को सूचना दी गई। जिसके बाद मगरमच्छ को खूंटाघाट के जलाशय में आजाद कर दिया गया।
दरअसल मगरमच्छ भटककर आबादी क्षेत्र में आ पहुंचा था। जिसे पकड़कर वन विभाग के हवाले कर दिया गया। विकासखंड पाली के अंतर्गत ग्राम परसदा में यह मगरमच्छ अपने लिए सुरक्षित पनाह की तलाश करते भटकता देखा गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। जिसके बाद उसको वन विभाग के द्वारा उचित स्थान पर छोड़ा गया। परसदा के दमदमा चौक, कन्धहाखार के आस-पास के 4 तालाब हैं। जिनमें बंधिया, कन्धहा, मगरा तालाब, हनुमान बांध शामिल हैं। समय-समय पर इन तालाबों में मगरमच्छ दिख जाते हैं। खूंटाघाट जलाशय में पाली विकासखंड के कई नदी-नालों से पानी जाता है। बांध के तटवर्ती इलाकों के ग्रामों में तालाब भी हैं यहां इन्हीं नदी-नालों के माध्यम से मगरमच्छ अक्सर गांव के तालाब या खेतों में पहुंच जाते हैं। खूटाघाट बांध के समीप डुबान क्षेत्र के ग्राम परसदा के हनुमान बांध में भी कुछ मगरमच्छ हैं। जो गाहे-बगाहे निकल आते हैं। बीती रात रिमझिम बारिश में शिकार की तलाश में निकला एक मगरमच्छ गांव की बस्ती में घूमने लगा। जिसे कुछ ग्रामीणों ने देख लिया और बड़ी अनहोनी टल गई।
: जिले के प्रत्येक विकासखण्ड में दो रूरल इंडस्ट्रियल पार्क बनेंगे
Sat, Oct 1, 2022
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दो अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रीपा का करेंगे शिलान्यास
जिला स्तरीय कार्यक्रम विकासखंड कटघोरा के रंजना गौठान में होगा आयोजित
कोरबा /
जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के 10 चयनित गौठानों को आजीविका के केन्द्र के रूप में विकसित करने के लिए महात्मा गांधी रूरल इंडस्ट्रीयल पार्क बनाया जाएगा। जिले के प्रत्येक विकासखण्ड में दो इंडस्ट्रीयल पार्क बनेंगे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दो अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रीपा का शिलान्यास करेंगे। जिला स्तरीय रीपा शिलान्यास कार्यक्रम विकासखंड कटघोरा के रंजना गौठान में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर 12 बजे से आयोजित होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री रविन्द्र चौबे करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री जयसिंह अग्रवाल, सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत, कटघोरा विधायक पुरुषोत्तम कंवर, संसदीय सचिव श्री विनोद सेवन लाल चंद्राकर, पाली तानाखार क्षेत्र के विधायक मोहित राम केरकेट्टा, रामपुर क्षेत्र के विधायक ननकीराम कंवर, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिवकला कंवर एवं अन्य जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। महात्मा गांधी रूरल इंडस्ट्रियल पार्क के रूप में जिले के चयनित 10 गौठानों में विकासखंड कोरबा के चिर्रा और पहन्दा गौठान, कटघोरा के रंजना और अरदा, पाली के केराझरिया और नोनबिर्रा, करतला के सुपातराई और कोटमेर एवं विकासखंड पोंडी उपरोड़ा के पाली (दुल्लापुर) और सेमरा गौठान शामिल है। इन गौठानों को रीपा के माध्यम से स्थानीय, शासकीय एवं अन्य आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए ग्रामीण उत्पादन एवं सेवा केन्द्र के रूप में विकसित किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका एवं रोजगार को बढ़ावा देेने के उद्देश्य से इन इंडस्ट्रियल पार्क में निजी उद्यमियों और ग्रामीणों को उद्यम लगाने प्रोत्साहित किया जाएगा।