: किसी भी चुनाव में महिला मोर्चा के भूमिका काफी अहम : डॉ सरोज पाण्डेय
Sun, Mar 17, 2024
कोरबा (न्यूज उड़ान) शनिवार को जिला कोरबा अंतर्गत बालको मंडल की महिला मोर्चा सम्मेलन में भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व लोकसभा प्रत्याशी डॉ सरोज पाण्डेय शामिल हुई। बैठक में महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने सुश्री पांडेय आत्मीय स्वागत किया।
डॉ सरोज पांडेय ने कहा कि महिला मोर्चा के कार्य हर चुनाव में अहम होता है, इसलिए लोकसभा चुनाव में भी घर-घर महिलाओं तक पहुँचने की कोशिश महिला मोर्चा की होगी।
उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने महिलाओं को प्राथमिकता देकर पीएम आवास, शौचालय, उज्ज्वला योजना, महतारी वंदन योजना जैसी अनेक योजनाएं चलाई है। अब समय आ गया है कि हम महिलाएं मोदी जी के लिए कुछ दिन समय निकाले औऱ घर-घर पहुँचे।
महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री विभा अवस्थी ने कहा कि सरोज पांडे छत्तीसगढ़ की बेटी है, और बेटी जहां खड़ी हो जाती है वही उनका घर बन जाता है। इसलिए आज बेटी को स्थापित करने की बारी है। उन्होंने कहा कि कोरबा लोकसभा की हर महिला सरोज पांडेय है, इसी सोच के साथ हमें लोकसभा चुनाव में उतरना है।
महिला मोर्चा मण्डल अध्यक्ष अर्चना रुनिजा ने कहा कि सरोज पांडेय के रूप में हमें एक कोहिनूर हीरा मिल गया है, वे ऐसी नेता है जो एक बूथ स्तर के भी कार्यकर्ता से सीधे बात करती हैं। हम सभी महिला मोर्चा के कार्यकर्ता काफी उत्साहित है।
आयोजित कमल रंगोली प्रतियोगिता के विजेताओं की पुरस्कृत भी किया गया। अंत में महिला कार्यकर्ताओं के आग्रह पर डॉ सरोज पांडे ने लोकगीत करमा व फाग गीतों पर सामूहिक नृत्य भी किया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ राजीव सिंह, मंदाकिनी त्रिपाठी, सरिता मिश्रा, शिवबालक तोमर, लोकेश चौहान एवं हितानंद अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
: जिला निर्वाचन अधिकारी ने ली राजनैतिक दलों की बैठक
Sun, Mar 17, 2024
कोरबा ( न्यूज उड़ान) भारत निर्वाचन आयोग द्वारा लोकसभा आम निर्वाचन 2024 के कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही आदर्श आचार संहिता प्रभावशील हो गई है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अजीत वसंत एवं पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी ने अपने कलेक्टर कक्ष में राजनैतिक दलों की बैठक लेकर निर्वाचन कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी।
जिला निर्वाचन अधिकारी श्री वसंत ने बताया कि छत्तीसगढ़ में तीन चरणों में निर्वाचन होना है। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम अनुसार निर्वाचन हेतु अधिसूचना का प्रकाशन 12 अप्रैल 2024, नामांकन जमा करने की अंतिम तिथि 19 अप्रैल, नामांकन की स्क्रूटनी 20 अप्रैल, नाम वापसी की अंतिम तिथि 22 अप्रैल, मतदान की तिथि 07 मई एवं मतगणना की तिथि 04 जून 2024 निर्धारित है। लोकसभा निर्वाचन 04 कोरबा संसदीय क्षेत्र अंतर्गत 04 जिलों के 08 विधानसभा आते हैं।जिनमें मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के दो विधानसभा, भरतपुर व मनेन्द्रगढ़, कोरबा जिले के बैकुण्ठपुर, कोरबा जिले के रामपुर, कोरबा, कटघोरा, पाली-तानाखार विधानसभा एवं गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले का मरवाही विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं।जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि लोकसभा निर्वाचन 2024 के सफल आयोजन हेतु जिले के दो विधानसभा कटघोरा एवं पाली-तानाखार के मतदान केंद्रों के लिए ईव्हीएम, व्हीव्हीपैट सहित अन्य प्रचार सामग्री का वितरण एवं जमा का कार्य कटघोरा के मुकुटधर पाण्डेय शासकीय महाविद्यालय में किया जाएगा। शेष विधानसभा के लिए चुनाव सामग्री का वितरण स्ट्रांग रूम आईटी कोरबा से किया जाएगा। साथ ही लोकसभा निर्वाचन के दौरान कोरबा विधानसभा में मतदान का कार्य पूर्णतः महिला अधिकारियों द्वारा संपन्न कराया जाएगा।लोकसभा क्षेत्र कोरबा में मतदाताओं की कुल संख्या 16,14,885,कोरबा जिले में 09 लाख 34 हजार 278 मतदाता -।जिला निर्वाचन अधिकारी ने उपस्थित सभी राजनीतिक दलों को बताया कि 16 मार्च 2024 की स्थिति में कोरबा लोकसभा में मतदाताओं की कुल संख्या 16 लाख 14 हजार 885 है। उन्होंने बताया कि कोरबा जिले के चारों विधानसभा अंतर्गत कुल 1080 मतदान केंद्र एवं मतदाताओं की कुल संख्या 9 लाख 34 हजार 278 है। जिसके अंतर्गत 04 लाख 64 हजार 847 पुरुष मतदाता एवं 04 लाख 69 हजार 394 महिला मतदाता हैं।
जिले में थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या 37 है।इसी प्रकार जिले में वरिष्ठ मतदाताओं की संख्या 4391, 18-19 वर्ष के नए मतदाता 25,390 व दिव्यांग मतदाता 6,362 और सेवा मतदाताओं की संख्या 541 है।बैठक में कलेक्टर ने उपस्थित राजनीतिक दलो से आदर्श आचार संहिता के दायरे में गतिविधियां संचालित करने एवं सोशल मीडिया पर कोई भी आपत्ति जनक सामग्री पोस्ट नहीं करने का आग्रह किया गया।पुलिस अधीक्षक श्री तिवारी ने राजनीतिक दलो से सभा, जुलूस में जाति, धर्म, व्यक्तिगत चरित्र, भड़काऊ भाषण, शिष्टाचार के विरूद्ध भाषण नही देने की अपील करते हुए निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने में सहयोग की अपेक्षा की।इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री संबित मिश्रा, निगम आयुक्त श्रीमती प्रतिष्ठा ममगाई, उप-जिला निर्वाचन अधिकारी सुश्री सीमा पात्रे, डिप्टी कलेक्टर विकास चौधरी सहित विभिन्न राजनैतिक दलों के पदाधिकारी व प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
: मेडिकल कॉलेज बना प्राइवेट एंबुलेंस के पार्किंग का अड्डा,
Sun, Mar 17, 2024
कोरबा (न्यूज उड़ान )जिला अस्पताल अब मेडिकल कॉलेज अस्पताल में बदल गया है ऐसे में यहां पर मल्टीस्पेशलिस्ट डॉक्टरों की टीम होने के बावजूद भी कई प्राइवेट एंबुलेंस परिसर में खड़ी रहती है इन पर किसी भी प्रकार की कार्यवाही नही होना समझ से परे है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार प्राइवेट एंबुलेंस परिसर में खड़ी रहती है और उनका प्रतिनिधि अस्पताल में दिनभर मरीजों के संपर्क में रहता है और इलाज के लिए गुमराह कर निजी अस्पताल के ओर ले जाते है इससे मोटा कमीशन मिलता है।अस्पताल प्रबंधन को जानकारी होने के बाद भी कोई कार्यवाही नही की जाती है।
एक अनुमान के मुताबिक मेडिकल कॉलेज अस्पताल में प्रतिदिन 650 से 700 ओपीडी पर्ची कटी जाती है अगर इसमें से भी 20 मरीज प्रतिदिन का औसत निकाला जाए तो 480 मरीज प्रति माह सरकारी अस्पताल से प्राइवेट अस्पताल की तरफ जाते है।सवाल यह है कि सरकारी अस्पताल में प्राइवेट एंबुलेंस की क्या आवश्यकता है।
क्या मेडिकल अस्पताल की आड़ में कोई बड़ा खेल हो रहा है।प्राइवेट एंबुलेंस अस्पताल केंटीन के पीछे खड़ी रहती है।